– तलाठी भर्ती में अब राजस्व कर्मचारियों को प्राथमिकता — सरकार का बड़ा निर्णय
मुंबई :- लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए राज्य सरकार ने तलाठी भर्ती प्रक्रिया में राजस्व कर्मचारियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए यह कदम उठाया है, ताकि विभाग में वर्षों से कार्यरत अनुभवी कर्मचारियों को उचित अवसर मिल सके। राजस्व विभाग के कर्मचारियों की ओर से लगातार यह मांग उठाई जा रही थी कि तलाठी भर्ती में सेवा अनुभव रखने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए। सरकार ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए इसे मंजूरी दी है। कर्मचारी संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम न्यायसंगत और प्रोत्साहनकारी है, जो स्तर पर काम करने वालों के मनोबल को बढ़ाएगा।
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्पष्ट किया कि तलाठी भर्ती में प्राथमिकता का मतलब यह नहीं होगा कि अन्य उम्मीदवारों को मौका नहीं मिलेगा, बल्कि यह उन राजस्व कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन होगा जो लंबे समय से विभाग में मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “सरकार कर्मचारियों के अनुभव और सेवा को महत्व देती है — भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और न्यायपूर्ण होगी।”
विभाग में उत्साह, कर्मचारियों में खुशी की लहर
सरकार के इस निर्णय के बाद राजस्व विभाग में खुशी और उत्साह का माहौल है। कई कर्मचारियों ने इसे “करियर में स्थायित्व और सम्मान की दिशा में बड़ा कदम” बताया है। वहीं, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि इस नीति से न केवल भर्ती प्रक्रिया में स्थायित्व आएगा, बल्कि विभाग की कार्यकुशलता और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।



