नागपुर :- भारी वाहनों की धरपकड़ जारी होने के कारण अब रेत माफिया तस्करी के लिए छोटे पिकअप वाहनों का उपयोग कर रहे हैं. खापरखेड़ा पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी की रेत से लदा एक वाहन पकड़ा. वारेगांव शिवार में पुलिस को एम.एच.40-सी.टी.1928 नंबर का पिकअप वाहन दिखाई दिया. वाहन रोककर जांच करने पर 2 ब्रास रेती लदी होने का पता चला. चालक निखिल कैलाश भावटकर (26) के पास कोई दस्तावेज नहीं था. उसने वाहन को खापरखेड़ा निवासी कार्तिक येसने का होने की जानकारी दी. दोनों ने मिलकर रेत चोरी की. पुलिस ने दोनों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया.








