– कहा – समन्वय के तहत हुई अमित शाह से मुलाकात
नागपुर :- उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नाराजगी की खबरों पर विराम लगाते हुए, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आज नागपुर में जोरदार खंडन किया। पत्रकारों से बात करते हुए बावनकुले ने स्पष्ट किया कि शिंदे बिल्कुल भी नाराज नहीं हैं, और उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात राज्य के विकास एवं शहरी विकास विभाग से जुड़े केंद्र-राज्य समन्वय के मुद्दों पर हुई थी। चंद्रशेखर बावनकुले ने जोर देकर कहा कि एनडीए नेताओं का समय-समय पर शीर्ष नेतृत्व से मिलना एक स्थापित परंपरा है, और इस मुलाकात को नाराजगी से जोड़ना पूरी तरह से निराधार है। यह साड़ी बातें केवल कपोल कल्पनाएं हैं। इसी के साथ नागपुर की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस की गुटबाजी सुर्खियों में है, जिस पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है।
राजस्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर जिला कांग्रेस में चल रही आपसी फूट पर तंज कसते हुए दावा किया है कि इस आंतरिक कलह के कारण 2029 के अगले विधानसभा चुनाव तक कांग्रेस, महाराष्ट्र की सबसे छोटी पार्टी बनकर रह जाएगी। बावनकुले ने स्पष्ट रूप से कहा कि वडेट्टीवार, मूलक हो या सुनील केदार, सभी प्रमुख नेताओं के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस के नेता “एक दूसरे को देखना नहीं चाहते” जिससे कार्यकर्ता परेशान हैं।








