– दूध और फसल बीमा पर एक साथ बड़े ऐलान
नागपुर :- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 70 करोड़ रुपये की लागत से संतरे के लिए नागपुर में ‘क्लीन प्लांट सेंटर’ शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र के संतरा किसानों को गुणवत्ता वाली पौध (नर्सरी) उपलब्ध कराई जा सकेगी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे मिलेंगे तो संतरा उत्पादन में बड़ा सुधार संभव है। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि नागपुर संतरा उद्योग को भी नई मजबूती मिलेगी। कई बार किसान अनजाने में नर्सरी से वायरस वाले पौधे ले आते हैं, जिसका असर 2 से 4 साल बाद दिखता है और फसल खराब होने पर किसान बर्बाद हो जाता है। इसे रोकने के लिए सरकार अच्छी नर्सरी की पहचान कर उन्हें तकनीकी और आर्थिक मदद देगी।
अच्छी गुणवत्ता वाले ‘क्लीन प्लांट’ तैयार करने वाली बड़ी नर्सरी को 4 करोड़ और मध्यम या छोटी नर्सरी को 2 करोड़ तक की सहायता दी जाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि अब पीएम फसल बीमा योजना का दायरा बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत जलभराव और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई भी बीमा योजना के माध्यम से की जाएगी। आलू, प्याज, टमाटर जैसी फसल उगाने व स्थानीय स्तर पर ठीक दाम नहीं मिलने पर बड़े शहरों में ले जाने के लिए ट्रांसपोर्टेशन का भाड़ा बहुत ज्यादा लगने जैसी किसानों की दिक्कतें दूर करने के लिए केंद्र ने योजना बनाई है। इसके तहत इन उपज परिवहन का सारा खर्चा केंद्रीय कृषि विभाग उठाएगा। कृषि मंत्री ने जोर देकर कहा कि किसान जीवनदाता हैं और उनकी सेवा ही उनकी जिंदगी का मिशन है। चौहान ने महिला कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में अलग-अलग राज्यों की सरकारें ‘बहना’ योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बना रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की ताकत को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता और यह जरूरी है कि बहनें आर्थिक रूप से लखपति बनें। एग्रोविजन इस दिशा में नई शुरुआत कर रहा है।








