– सीआईएसएफ को करना पड़ा हस्तक्षेप
– इंडिगो की नागपुर-पुणे फ्लाइट कैंसिल, यात्रियों ने मचाया हंगामा
नागपुर :- शुक्रवार रात 11.30 बजे नागपुर से पुणे के लिए उड़ान भरने वाला विमान कोलकाता से नहीं पहुंचने पर नागपुर विमानतल पर यात्रियों ने जोरदार हंगामा किया, जिस कारण सीआईएसएफ को हस्तक्षेप कर यात्रियों को शांत करना पड़ा। कुछ यात्रियों को पैसे लौटाए गए, तो किसी को दूसरी फ्लाइट से जाने की व्यवस्था की गई। बताया गया कि रात 11.30 बजे नागपुर से पुणे के लिए इंडिगो की उड़ान थी। यह फ्लाइट कोलकाता से आने वाली थी। यही फ्लाइट कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाली थी, किन्तु कोहरे के कारण यह नागपुर नहीं पहुंची। उसके बाद फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। यात्रियों को बताया गया कि तड़के 4 बजे एक फ्लाइट पुणे के लिए उड़ान भरेगी। इस बीच एक अन्य फ्लाइट रात में पुणे के लिए जानी थी, लेकिन उसमें सिर्फ 10 सीटें खाली थीं।
‘सीट कम, यात्री ज़्यादा’ की मजबूरी?
यात्री ज्यादा और सीट सिर्फ 10 होने से सभी ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। सभी जाने की जिद्द करने लगे। इसे लेकर यात्रियों ने जोरदार हंगामा मचाया, लेकिन सीमित सीटें होने से प्रबंधन के सामने बड़ा संकट निर्माण हुआ। बताया गया कि इस बीच कुछ यात्री सुबह तक रुकने के लिए तैयार हुए। कुछ को पैसे लौटाए गए। यात्रियों के वहां खाने-पीने की व्यवस्था करने के बाद मामला शांत हुआ।




