– पुलिस को ब्लैकमेल कर वसूली करने वाले गैंग का पर्दाफाश
नई दिल्ली :- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में सक्रिय दो बड़े ऑर्गनाइज़्ड क्राइम सिंडिकेट को ध्वस्त करते हुए बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि दोनों सिंडिकेट अलग-अलग तरीके काम करते थे, लेकिन इनके कम्युनिकेशन चैनल और फाइनेंशियल पैटर्न एक-दूसरे से जुड़े हुए थे. इन सिंडिकेट से जुड़े पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दो की तलाश जारी है. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पहले सिंडिकेट का किंगपिन राजकुमार उर्फ राजू मीणा है. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है. यह नेटवर्क ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को जानबूझकर निशाना बनाता था. ड्राइवरों को नियम तोड़ने भेजा जाता, स्पाई कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड किए जाते और एडिट करके पुलिस वालों को ब्लैकमेल किया जाता था. पुलिस की जांच में सामने आया कि राजकुमार साल 2015 से यह जबरन वसूली रैकेट चला रहा था. वो कई साथियों को भर्ती कर चुका था. दूसरी ओर, जीशान अली का नेटवर्क राजधानी की ट्रांसपोर्ट लाइनों पर एक समानांतर सिस्टम तैयार कर चुका था. वो हजारों की संख्या में ऐसे स्टिकर बनाता और बेचता था, जिससे पाबंदी वाले घंटों में कमर्शियल गाड़ियां शहर में आ-जा सकती थीं.




