नागपुर :- जरीपटका और अजनी थाना क्षेत्र में चोरों ने 2 घरों में सेंध लगाकर नकद और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. जरीपटका पुलिस ने मैत्री कॉलोनी श्रीरंगबहादुर निवासी नंदलाल चव्हाण (48) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. बुधवार की सुबह चव्हाण और उनकी पत्नी अपने काम पर गए थे. बच्चे भी पढ़ाई के लिए बाहर चले गए. दिनदहाड़े चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया. किचन में रखी अलमारी से 15,000 रुपये नकद और जेवरात सहित 1.10 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया. शाम 5 बजे के दौरान घर लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला. दूसरी वारदात अजनी के भगवाननगर इलाके में हुई. बैनर्जी लेआउट निवासी रविकुमार मानिकचंद पुंडे (38) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. विगत 6 दिसंबर रविकुमार अपने घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ गोंदिया गए थे. इसी बीच चोरों ने घर का ताला तोड़कर बेडरूम की अलमारी से नकद और जेवरात सहित 1.25 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया. बुधवार रात घर लौटने पर चोरी का पता चला और पुलिस से शिकायत की.








