– ग्रामीणों ने दी चेतावनी
गोंदिया :- कोहलगांव, कोसंबी और बक्की मेंडकी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से पट्टेदार बाघ की मुक्त आवाजाही जारी है। मुख्य आवागमन के रास्ते पर बाघ दिखाई देने के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत है। किसान खेतों में जाना टाल रहे हैं, तो स्कूल जाने वाले बच्चे जान हथेली पर रखकर स्कूल जा रहे हैं। पट्टेदार बाघ का तुरंत बंदोबस्त करने की मांग ग्रामीणों ने की है। इस संबंध में ज्ञापन वनपरिक्षेत्र अधिकारियों को सौंपा गया है। बाघ का तत्काल बंदोबस्त करें अन्यथा आंदोलन करने की चेतावनी ग्रामीणों ने दी है। एमएसईबी पावर हाउस और पहाड़ी क्षेत्र में बाघ बार-बार सड़क पार करते हुए दिखाई दे रहा है, और यह सड़क कोलगांव, कोसबी, बक्की मेंडकी सहित पांच गांवों का मुख्य मार्ग है। इस सड़क से पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल तथा स्कूल परिवहन योजना के तहत स्कूल जाने वाली लड़कियों की आवाजाही होती रहती है। इसी पृष्ठभूमि में शनिवार 20 दिसंबर को उपवनरक्षक अधिकारी, गोंदिया के माध्यम से वनपरिक्षेत्र अधिकारी सड़क अर्जुनी को ग्रामवासियों की ओर से निवेदन दिया गया। निवेदन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में सचिन फुंडे, कैलास चूटे, विजय मेश्राम, विनोद मोटघरे, अनिल नाणे, योगराज कुरसुंगे, अरविंद मशराम, घनश्याम करूं, मुकेश ठाकरे, प्रशांत कुरसुंगे, नंदकिशोर गहाणे सहित कोलगांव-कोसबी-बक्कीमेंडकी के सभी ग्रामवासी और किसान की ओर से निवेदन दिया गया है। निवेदन में कहा गया है कि सात दिनों के भीतर बाघ का बंदोबस्त करें।




