spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

आज शाम साढ़े पांच बजे चुनाव प्रचार बंद, शुरू हो जाएगा साइलेंस पीरियड

नागपुर :- आज मंगलवार की शाम पांच बजकर 30 मिनट पर चुनाव प्रचार का गाजा-बाजा बंद हो जाएगा। इसके साथ ही मतदान से पूर्व की 48 घंटे की साइलेंस पीरियड शुरू हो जाएगी। इस दौरान किसी भी तरह का चुनाव प्रचार करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस पर चुनाव आयोग कड़ी नजर रखेगा। आयोग ने सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें। आज प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण सभी राजनीतिक दलों द्वारा पदयात्राओं के जरिए बड़े पैमाने पर शक्ति प्रदर्शन किए जाने की संभावना है।

राज्य चुनाव आयोग ने 15 दिसंबर 2025 को 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव का ऐलान किया था। जिसके बाद नामांकन भरने से लेकर चुनावी सभा, रैली, जुलूस और पदयात्राओं का दौर शुरू हो गया। राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार आज मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे के बाद किसी भी प्रकार की सभा, रैली, जुलूस, रोड शो नहीं किए जा सकेंगे। लाउडस्पीकर, डीजे, माइक के उपयोग पर भी पूर्ण रोक रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया, एसएमएस, फोन कॉल या अन्य माध्यमों से मतदाताओं से वोट की अपील करना भी प्रतिबंधित होगा।

महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी की सुबह सात बजकर 30 मिनट पर मतदान शुरू होगी और शाम पांच बजकर 30 मिनट तक मतदान होगा। इसके बाद 16 जनवरी को मतगणना की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

Popular Articles