गोंदिया :- सड़क अर्जुनी वनपरिक्षेत्र अंतर्गत माहुली ग्राम के खेत में महिला खेती का कार्य कर रही थी कि, इस दौरान बाघ ने महिला पर हमला कर दिया था. घटना में मौके पर ही माहुली निवासी लक्ष्मी सयाम की मृत्यु हो गई. घटना शुक्रवार 30 जनवरी को शाम के दौरान घटित हुई. इस घटना से क्षेत्र में इतनी दहशत निर्माण हो गई कि किसान व खेत मजदूरों ने खेतों में जाना बंद कर दिया है. बताया गया कि, पंद्रह दिन पूर्व इसी क्षेत्र में एक युवक पर हमला करने का प्रयास बाघ ने किया था. ग्रामीणों का कहना है इस तरह की घटनाएं घटित होने के बावजूद भी वनविभाग इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है. इन दिनों जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाघ, तेंदुए की दहशत दिखाई दे रही है. दिसंबर 2025 में तिरोड़ा तहसील में एक 4 वर्षीय बालक को तेंदुआ घर से उठा ले गया था.








