– महागांव तहसील के हिवरा संगम के पास भीषण हादसा, तीन दिनों में गई तीसरी जान
यवतमाल :- महागांव तहसील के हिवरा संगम के समीप शनिवार दोपहर रेत से भरे एक तेज रफ्तार टिप्पर की जोरदार टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पिछले तीन दिनों में इसी क्षेत्र में तीन लोगों की जान जाने से नागरिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महागांव तहसील के अंबोड़ा निवासी देवानंद दोडके (19) और शुभम पाटे (18) आपस में मित्र थे। दोनों अपनी मोटरसाइकिल (एचएच-29 सीएफ-8799) से माहूर की ओर जा रहे थे। हिवरा संगम के संकरे मार्ग पर सामने से आ रहे रेत से लदे तेज रफ्तार टिप्पर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल टिप्पर के नीचे घुसकर पीछे की ओर फंस गई। नियंत्रण खोने के कारण टिप्पर सड़क किनारे नाले में पलट गया।
हादसे में देवानंद दोडके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शुभम पाटे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए शुभम को बाहर निकाला और पहले माहूर के अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने के कारण उसे यवतमाल रेफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए महामार्ग पर यातायात बाधित रहा। घटना की जानकारी मिलते ही महागांव थाना प्रभारी धनराज निले, महामार्ग पुलिस सहायता केंद्र के पीएसआई किशोर गवई और उनकी टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है और रेत परिवहन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।








