अमरावती :- जिले के चांदूर रेलवे थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. स्कूल से घर लौट रही छात्रा के साथ 5 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म करने की दिल दहला देने वाली घटना हुई. पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि 3 फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ माह पूर्व छात्रा स्कूल से अपने घर लौट रही थी. इस समय उसके भाई के 2 दोस्तों ने उसका रास्ता रोककर कहा कि तेरा लड़कों के साथ चक्कर है, गांव में बदनामी कर देंगे. दोनों आरोपियों ने धमकी देकर मार्ग के किनारे नीचे ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इस समय अन्य तीन आरोपी भी वहां आए और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. तब यह मामला सामने नहीं आया था लेकिन 3 माह से नाबालिग को मासिक धर्म नहीं आने से परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसके 3 माह की गर्भवती होने की बात सामने आई. परिजन व पीड़िता चांदूर रेलवे थाना पहुंचे. नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मामले की जांच एसडीपीओ अशोक थोरात कर रहे हैं. आरोपियों में नाबालिग का भी समावेश है.








