– कपास के ढेर में खेल रहा मासूम झुलसा
कुही :- तहसील के कल्पना जिनिंग में गुरुवार को अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिनिंग में कपास के बड़े स्टॉक में लगी आग ने देखते ही देखते रौद्र रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय कपास खाली कर रहे एक मजदूर का 8 वर्षीय बेटा कपास के ढेर में खेल रहा था। आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत नागपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, जिनिंग में तकरीबन 10 से 15 हजार क्विंटल कपास का स्टॉक रखा था। जिनिंग में आग लगने का सही कारण अभी साफ नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या किसी और टेक्निकल वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और मजदूरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। बड़ी मात्रा में कपास खाक हो जाने से बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान का कयास लगाया जा रहा है। प्रशासन पंचनामा और आगे की जांच कर रहा है। घायल बच्चे की हालत के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई। जांच जारी है।








