– मातोश्री में अहम बैठक, सत्ता में भागीदारी पर खुली चर्चा — “सत्ता लो, पर अस्तित्व बचाए रखो”
चंद्रपूर :- चंद्रपुर की सियासत में बड़ा संदेश देते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने जिलाध्यक्ष संदीप गिहे को भाजपा से सतर्क रहने की कड़ी सलाह दी। मुंबई स्थित मातोश्री में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में चंद्रपुर महापालिका की सियासी दिशा पर खुलकर मंथन हुआ।
“महापौर पद चाहिए तो प्रवेश करो” — प्रस्ताव ठुकराया
सूत्रों के अनुसार, महापौर पद के बदले भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने दल-बदल का प्रस्ताव दिया था। लेकिन गिहे ने स्पष्ट किया कि शिवसेना (उबाठा) का चंद्रपुर में अस्तित्व बनाए रखना सर्वोपरि है, इसलिए पार्टी प्रवेश का प्रस्ताव ठुकरा दिया गया। हालांकि, भाजपा ने सम्मानजनक प्रस्ताव देते हुए सवा साल के लिए महापौर पद देने पर सहमति जताई, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर भाजपा के साथ जाने का निर्णय लिया गया।
ठाकरे का संदेश: “विकास के लिए सत्ता ठीक, पर पहचान न खोएं”
बैठक में ठाकरे ने साफ कहा, “जनता के काम और विकास के लिए सत्ता में जाना गलत नहीं, लेकिन पार्टी का वजूद हर हाल में कायम रहना चाहिए।” उन्होंने चेताया कि भाजपा के नेता बेहद चतुर और रणनीतिक हैं — इसलिए संगठन को मजबूत रखें, जरूरी मुद्दों पर विरोध दर्ज कराएं और अपनी राजनीतिक जमीन न छोड़ें।
बैठक में उपमहापौर प्रशांत दानव, मनस्वी गिहे, आकाश साखरकर, लांडगे, गटनेता राहुल विरुटकर, श्रुति घाटे और अपक्ष नगरसेवक नंदू नागरकर भी उपस्थित रहे। मनसे के आरोपों पर भी चर्चा हुई, मगर ठाकरे ने उन्हें ज्यादा तवज्जो नहीं दी।




