spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नागपुर में तेज रफ्तार का कहर : मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 26 घायल

– संतरा तोड़ने जा रहे मजदूर हादसे का शिकार, 10 की हालत गंभीर

– मोवाड के पास बड़ा सड़क हादसा : महिलाओं समेत कई मजदूर घायल

नागपुर :- महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मोवाड के पास मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 26 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 9 महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 10 मजदूरों की हालत अत्यंत चिंताजनक है, जिन्हें उपचार के लिए नागपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी मजदूर अमरावती जिले के वरुड तहसील के रहने वाले हैं। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे ये मजदूर गणेशपुर से बेलोना की ओर संतरा तोड़ने के लिए जा रहे थे। मोवाड के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर ही पलट गई।

प्रशासनिक कार्रवाई और राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही नरखेड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर स्थानांतरित किया गया है।

घायलों की पहचान इंदु नितिन फाटे (37), बबीता मनीराम चंगरी (32), सरिता सत्तुलाल परतेती (25), शर्मिला बलु कुमरे (18), सरस्वती कुमरे (24), फुलवंती जीवन सरयाम (60) समेत 9 महिलाएं सहित मनोज नीलकंठराव दवंडे (35), अनिकेत उर्फ विजय दवंडे (24), हेमराज राजारामजी कुमरे (35), सुनील काशीरामजी इवनाती (45), सुलाप सीताराम मसराम (33) सहित अन्य 17 मजदूर शामिल है।

मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर भरे होने के कारण यह दुर्घटना हुई। अक्सर ग्रामीण इलाकों में मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए मालवाहक वाहनों का उपयोग किया जाता है, जो उनकी जान के लिए जोखिम भरा साबित होता है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.