खापा, संवाददाता :- महाराष्ट्र राज्य के पर्यटन स्थल का ‘क’ दर्जा प्राप्त खापा स्थित प्रसिद्ध हजरत बाबा सैय्यद लष्कर शाह शहीद रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स का आगाज हो गया है। उर्स के प्रारंभ के अवसर पर सावनेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. आशीष देशमुख ने दरगाह पर पहुंचकर अकीदत के साथ जियारत की। इस दौरान उन्होंने देश में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा कायम रहने तथा सभी धर्मों के लोगों के बीच एकता और सद्भावना बढ़ने के लिए दुआ की।
खापा शहर में ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाली इस दरगाह के सालाना उर्स में हर वर्ष विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद शामिल होते हैं। उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर में रूहानी माहौल बना हुआ है और जायरीन श्रद्धापूर्वक जियारत कर रहे हैं।

इस अवसर पर खापा नगर परिषद के नगराध्यक्ष पीयूष बुरडे, उपाध्यक्ष सुनील पाहुने, आनंद मेनकुदले, ठाणेदार चंद्रकात काळे, सभी नगरसेवक तथा दरगाह कमेटी के अध्यक्ष हाजी अल्ताफ शेख, उपाध्यक्ष प्यारु शेख, सचिव शाकीर शेख, सहसचिव फिरोज शेख, कोषाध्यक्ष युनुस कुरैशी, सहकोषाध्यक्ष फिरोज खा पठाण और सदस्य आसिफ शेख, असलम शाह, साहिल शेख, काशिफ सुभेदार एवं जाकीर शाह सहित अन्य उपस्थित थे।
उर्स के अवसर पर दरगाह में जियारत के लिए आने वाले जायरीन में उत्साह का माहौल है। यह धार्मिक आयोजन आपसी भाईचारे, मानवता और सर्वधर्म सद्भाव का संदेश दे रहा है।








