यवतमाल :- जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पहला हादसा पांढरकवड़ा-घाटंजी मार्ग पर साखरा गांव के पास पांढरकवड़ा से घाटंजी की ओर जा रहे एक ट्रक और साखरा की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. इस हादसे में साईकिरण गुरगुल्ला (32) और उनकी 6 माह की बेटी हंसिका गुरगुल्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अनुष्का गुरगुल्ला गंभीर रूप से घायल हो गईं. दूसरा हादसा 15 अप्रैल की दोपहर करीब 1 बजे वणी-वरोरा राज्य मार्ग पर वर्धा नदी के पाटला पुल के पास हुआ. वणी से वरोरा की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल को पीछे से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में अनिल (निवासी माणकी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप रमेश ठमके (31, निवासी वांजरी, ता. वणी) की इलाज के दौरान मौत हो गई. दोनों युवक एमएच 29 बी 0963 नंबर की स्प्लेंडर बाइक से शेंबड की ओर जा रहे थे.








