अकोला :- पिछले तीन-चार दिनों से अकोला का तापमान लगातार उच्च स्तर पर पहुँच रहा है. बुधवार को पुराना शहर पुलिस थाना क्षेत्र में एक मालवाहक ऑटो में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. शव पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए, जिससे पुलिस ने प्राथमिक अनुमान लगाया है कि मौत उष्माघात (हीट स्ट्रोक) से हुई हो सकती है. विदर्भ का अकोला शहर हर वर्ष तापमान के मामले में वैश्विक स्तर पर रिकॉर्ड दर्ज करता है. मंगलवार 14 अप्रैल को यहां का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे अकोला विश्व स्तर पर दूसरे स्थान पर रहा. इसी तरह से बुधवार, 15 अप्रैल को यहां का तापमान 44.2 डिसे दर्ज किया गया है. बुधवार को मिले शव की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया.पुलिस को किसी प्रकार की साजिश का संदेह नहीं है और उनका कहना है कि मौत अत्यधिक तापमान के कारण लू लगने से हुई है।
मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। अकोला में अप्रैल के दूसरे सप्ताह से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। अधिकारियों ने लू की चेतावनी जारी कर तैयारियों को तेज कर दिया है।
जिला कलेक्टर वर्षा मीना ने अधिकारियों को जागरूकता और प्रतिक्रिया प्रणालियों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सरकारी और ग्रामीण अस्पतालों में लू लगने के मामलों के लिए वार्ड स्थापित किए गए हैं और 137 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ओरल हाइड्रेशन के लिए ओआरएस और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी सुनिश्चित किया गया है।








