– 2० अप्रैल से पांच जोन में और 22 से अन्य जोन में आयोजन
नागपुर :- शहर को जलापूर्ति करने वाली ओसीडब्ल्यू को कई उपभोक्ताओं से पानी केअनुचित और बढ़े हुए बिलों के बारे में शिकायतें मिली थीं. इसके लिए मनपा के जलापूर्ति विभाग ने इस संबंध में ओसीडब्ल्यू से पत्राचार करने के बाद, अब प्रभावित ग्राहकों को संशोधित और कम किए गए बिल मिलने शुरू हो गए हैं. हालांकि, नागरिकों के पानी के बिलों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और शिकायतों के तत्काल समाधान के लिए, मनपा ने सभी दस जोन में दो दिवसीय शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया है. ये शिविर 2० और 21 अप्रैल को लक्ष्मीनगर जोन, हनुमान नगर जोन, गांधीबाग जोन, सतरंजीपुरा जोन और आशीनगर के मनपा कार्यालयों में तथा 22 और 23 अप्रैल को धरमपेठ जोन, धंतोली जोन, नेहरू नगर जोन, लकडग़ंज जोन और मंगलवारी जोन के कार्यालयों में सुबह 1०.3० बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे.
महापौर नीता ठाकरे, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दानी सत्तारूढ़ दल के नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, जलापूर्ति विशेष समिति सभापति दिव्या धुरडे के निर्देशों के अनुसार और आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के मार्गदर्शन में, अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बनर्जी और कार्यकारी अभियंता श्रीकांत वाइकर द्वारा इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. विशेष रूप से, इन शिविरों के सफल संचालन के लिए एसओपी की घोषणा की गई है. तदनुसार, इन शिविरों की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार किया जाएगा. संबंधित क्षेत्र के पार्षदों को सूचित करने की जिम्मेदारी भी जोन के प्रतिनिधि को सौंपी गई है. शिविर के दौरान जोन प्रतिनिधि, सिविल इंजीनियरिंग सहायक, ओसीडब्ल्यू के जोनल प्रमुख और सेवा बिंदु प्रबंधक ( एसपीएम) की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है ताकि मौके पर ही तकनीकी और प्रशासनिक निर्णय लिए जा सकें. शिविर में आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता की शिकायत एक अलग रजिस्टर में दर्ज की जाएगी. संभव हो तो, जोनल टीम अधिकतम शिकायतों का समाधान उसी दिन करने का प्रयास करेगी.








