– कलेक्टर से मिले संचालक, अब तक नहीं निकला हल
नागपुर :- एयरपोर्ट पर कैब संचालकों का आंदोलन जारी रहा. लोग परेशान होते रहे. इस बीच सोनेगांव पुलिस ने शुक्रवार को हस्तक्षेप किया और कैब संचालकों की मीटिंग कलेक्टर से करवाई. मीटिंग हुई भी लेकिन केवल आश्वासन मिला. नतीजतन आंदोलन जारी है, लोग हवाई जहाज से उतरकर सड़कों भटकने को मजबूर हैं. कैब चालकों ने कहा कि कलेक्टर से मुलाकात तो हुई. उन्होंने जल्द से जल्द कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाने और मीटिंग कराने का आश्वासन भी दिया है लेकिन इससे मामला सुलझा नहीं है. जब तक कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक नहीं होगी और समाधान नहीं निकलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. संचालकों ने कलेक्टर को अपने निर्णय से सीधे-सीधे अवगत भी करा दिया है. कैब चालक कृति समिति के दीपक साने ने कहा कि हम कंपनी की मीटिंग के बाद ही अंतिम निर्णय ले पाएंगे.
जानकारों ने बताया कि सुबह जब यात्री कैब से एयरपोर्ट जाने का प्रयास कर रहे थे तब चालकों ने उन्हें वर्धा रोड एयरपोर्ट चौक के पास ही रोक दिया. उन्हें एयरपोर्ट तक जाने नहीं दिया, यात्रियों को मुख्य मार्ग से पैदल ही एयरपोर्ट तक पहुंचना पड़ा. जिनके पास लगेज था, वे बेचैन हो गए, छोटे-छोटे बच्चों को भी पैदल चलने को मजबूर होना पड़ा.
इस बीच मनपा की ओर से बसें लगाई गई हैं लेकिन बसों में चढ़ने से लोग संकोच कर रहे हैं. उनका कहना है कि बस सेवा केवल मोर भवन तक है. इससे उनका समाधान नहीं होने वाला है. ऐसे में बेहतर है कि कुछ दूर पैदल चलकर निजी वाहनों को ही बुलाया जाए.








