– जीआरपी जवान की स्विमिंग पूल में मौत
नागपुर/कुही :- गणेशोत्सव के बाद गेट-टुगेदर के लिए एकत्रत हुए जीआरपी के 2013 बैच के नौ मित्रों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब स्विमिंग पूल में छलांग लगाते समय सिर में गंभीर चोट लगने से जीआरपी जवान सचिन घनश्याम आवारी (38) की मौत हो गई। घटना 30 सितंबर की मध्यरात्रि को कुही तहसील के मौजा सोनेगांव शिवार स्थित बाल गिरी फार्म में हुई।
सचिन आवारी नागपुर के गायत्री नगर, सचिन लेआउट, झिंगाबाई टाकली, मानकापुर निवासी थे। वर्ष 2013 में जीआरपी में एक साथ भर्ती हुए राहुल हरिश्चंद्र राजगिरे, विपिन पिलेवान, नितुल सावजी, शिवशंकर बिसेन, निलेश निकोडे, यशवंत गायकवाड़, देवेंद्र राकेश, प्रतीक ईटनकर और सचिन आवारी हर वर्ष गेट-टुगेदर करते थे। इस बार गणेशोत्सव के बाद मिलने का कार्यक्रम तय किया गया था। इसके तहत सभी नौ मित्र तीन चारपहिया वाहनों से रात करीब 9 बजे नागपुर से रवाना हुए और रात करीब 10.15 बजे बाल गिरी फार्म पहुंचे। वहां सभी ने मिलकर भोजन तैयार किया। भोजन के बाद मित्र स्विमिंग पूल में तैर रहे थे और साथ में समय बिता रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 1.30 से 1.45 बजे के बीच सचिन आवारी ने स्विमिंग पूल में छलांग लगाई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस दौरान उनके सिर में जोरदार चोट लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद कुही पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत की गई। आगे की जांच पुलिस हवलदार हरिदास चाचेरकर कर रहे हैं।








