– फुटपाथ और सड़कें होंगी खाली: पुलिस-मनपा की संयुक्त बड़ी कार्रवाई
– अवैध होर्डिंग्स और फूड ट्रकों पर सख्ती, शहर को मिलेगा नया रूप
नागपुर :- अपनी सुंदरता के लिए देश भर में पहचाने जाने वाले नागपुर शहर को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए महानगर पालिका ने एक व्यापक अभियान ‘मिशन 100 डे’ शुरू किया है. इस महाअभियान को पुलिस विभाग का पूरा सहयोग मिल रहा है. शहर की सुंदरता को बिगाड़ने वाले अतिक्रमणों को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्रकुमार सिंगल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रात के समय भी की जाए. इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए पुलिस मुख्यालय में पुलिस आयुक्त डॉ. सिंगल की अध्यक्षता और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर की प्रमुख उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक में पुलिस और मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों (सहायक पुलिस आयुक्त, उपायुक्त आदि) के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौजूद रहे.
बैठक में सड़कों, फुटपाथों पर हुए अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग्स को हटाने के लिए ‘मिशन 100 डे’ महाअभियान पर विस्तृत चर्चा की गई. पुलिस आयुक्त ने मनपा को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से लागू करने के लिए पुलिस को पहले से ही समय सारणी (शेड्यूल) मुहैया कराई जाए.
उन्होंने अनधिकृत फूड ट्रकों और विशेष रूप से सामान बेचने के लिए तैयार किए गए वाहनों पर कार्रवाई के दौरान आरटीओ अधिकारियों को भी शामिल करने का सुझाव दिया. पुलिस आयुक्त ने यह अहम बात भी कही कि अतिक्रमण हटने से शहर में अपराध को रोकने में भी काफी मदद मिलेगी.
इसके अलावा, हॉकर्स और फेरीवालों के लिए वैकल्पिक जगह निश्चित करने और कानूनी कार्रवाई के विषयों पर भी रणनीति बनाई गई.
मनपा आयुक्त डॉ. इटनकर ने बैठक में बताया कि ‘मिशन 100 डे’ के तहत फुटपाथ से अतिक्रमण, सड़कों से अवैध निर्माण एवं निर्माण सामग्री और अवैध होर्डिंग्स हटाए जाएंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि इस अभियान से नागरिकों को सुरक्षित, खुले और सुलभ रास्ते मिलेंगे. साथ ही फेरीवालों को भी सुरक्षित और कानूनी रूप से व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा, जिससे नागपुर को स्मार्ट, सुव्यवस्थित और आधुनिक महानगर बनाने का संकल्प पूरा होगा.
नागपुर बनेगा स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर
बैठक में मनपा उपायुक्त मंगेश खवले ने एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से मिशन की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मनपा के प्रवर्तन विभाग द्वारा चलाई जा रही यह एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथों को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त मार्ग बनाना है. यह योजना शहरी अनुशासन स्थापित करने और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी.