spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

बाबाओं पर आफत, 2 और हवालात में

– नाशिक में फिर काला जादू के नाम पर महिला से लाखों की ठगी

ठाणे :- महाराष्ट्र में स्वयंभू बाबाओं पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और काला जादू के नाम पर लोगों को ठगने वाले कथित बाबाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है. इसी कड़ी में नवी मुंबई पुलिस ने नाशिक से 2 और कथित बाबाओं को गिरफ्तार किया है जिन्होंने एक महिला को उसकी परेशानियां दूर करने का झांसा देकर करीब 1.90 लाख रुपये ऐंठ लिए. गिरफ्तार आरोपियों ने खुद को मध्य प्रदेश के उज्जैन का निवासी बताकर पहचान बनाई थी. आरोप है कि उन्होंने नवी मुंबई के दिवाले गांव की 27 वर्षीय महिला से संपर्क साधा और उसे विश्वास दिलाया कि उसके जीवन में चल रहीं परेशानियों के पीछे ‘नकारात्मक शक्तियां’ हैं जिन्हें दूर करने के लिए विशेष पूजा, तांत्रिक अनुष्ठान और अघोरी क्रियाएं जरूरी हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सितंबर से दिसंबर 2025 के बीच महिला से 1.47 लाख नकद और 43,000 ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए वसूले. 24 अप्रैल को जांच शुरू की गई और पुलिस ने नाशिक जिले के घोटी इलाके से दोनों को दबोच लिया.

आस्था के नाम पर ठगी का जाल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन भरत चव्हाण उर्फ तंतन बाबा और सागर शिवाजी शिंदे उर्फ एकलहरी बाबा के रूप में हुई है. दोनों पर धोखाधड़ी से जुड़ीं धाराओं के साथ-साथ महाराष्ट्र अंनिस और काला जादू विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. पिछले कुछ महीनों में राज्यभर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां चमत्कार, तंत्र-मंत्र, ग्रह दोष और अघोरी साधना के नाम पर लोगों को लाखों की चपत लगाई गई. ऐसे फर्जी बाबाओं के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अंधविश्वास के नाम पर हो रही ठगी पर लगाम लग सके.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.