spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

कन्हान नदी के ‘मौत के गड्ढे’ को भरने की मांग तेज 

– भविष्य में हादसे रोकने के लिए विधायक डॉ. आशीष देशमुख को सौंपा ज्ञापन

सावनेर :- सावनेर तालुका के प्रसिद्ध तीर्थस्थल वाकी के पास बहने वाली कन्हान नदी का खतरनाक डोह आज लोगों के लिए मौत का गड्ढा बन चुका है। इस स्थान पर अब तक कई मासूमों और युवाओं की जान जा चुकी है। अनेक परिवारों ने अपने बेटे, भाई और सहारे को हमेशा के लिए खो दिया है। इसलिए इस जानलेवा डोह को भरना अब केवल मांग नहीं, बल्कि अत्यंत आवश्यक कदम बन गया है।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि नदी में नहाने या तैरने के दौरान कई युवक गहरे पानी में डूबकर अपनी जान गंवा चुके हैं। हर दुर्घटना के बाद परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान न होने से खतरा आज भी जस का तस बना हुआ है। यदि समय रहते इस डोह को नहीं भरा गया या सुरक्षित नहीं किया गया, तो भविष्य में फिर किसी घर का चिराग बुझ सकता है। इसी गंभीर विषय को लेकर हितज्योति आधार फाउंडेशन और क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. आशीष देशमुख को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि कन्हान नदी के इस खतरनाक हिस्से पर तुरंत कार्रवाई की जाए। डोह को भरने, सुरक्षा घेरा लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और प्रशासनिक स्तर पर ठोस उपाय करने की आवश्यकता जताई गई।

विधायक डॉ. आशीष देशमुख ने इस विषय की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे जानलेवा स्थानों पर तुरंत उपाय किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर हितज्योति आधार फाउंडेशन के संस्थापक हितेश बनसोड़, युवा समाजसेवी भूषण कुबड़े, सावनेर तालुका मराठी संघ के अध्यक्ष किशोर धुंडेले, जलतारा संयोजक मदन डहाके, निखिल पोटभरे, राजा फुले सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हितेश बनसोड़ ने कहा कि किसी की मौत के बाद आंसू बहाने से बेहतर है कि समय रहते ऐसा कदम उठाया जाए, जिससे किसी की जान बच सके। उन्होंने कहा कि कन्हान नदी का यह डोह लगातार खतरा बना हुआ है, इसलिए इसे भरना और सुरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन और संबंधित विभागों को इस विषय पर तुरंत ध्यान देकर स्थायी समाधान निकालना चाहिए।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.