– हृदय और श्वसन क्रिया बंद होने से गई जान
नागपुर :- महाराजबाग प्राणी संग्रहालय में गुरुवार सुबह एक मादा तेंदुए की अचानक मौत हो गई। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष थी। प्राथमिक जांच में मौत का संभावित कारण हृदय और श्वसन क्रिया बंद होना (कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर) बताया गया है।
महाराजबाग प्राणी संग्रहालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. सुनील बावस्कर के मार्गदर्शन में नागपुर पशु चिकित्सा महाविद्यालय के पशु विकृतिशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत सोनकुसले और महाराजबाग के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अभिजीत मोटघरे ने मादा तेंदुए का शवविच्छेदन किया। इस दौरान प्राणी संग्रहालय के संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित थे।
चंद्रपुर के जंगल से लाई गई थी
जानकारी के अनुसार, इस मादा तेंदुए को 8 जनवरी 2009 को चंद्रपुर के जंगल से महाराजबाग प्राणी संग्रहालय लाया गया था। करीब 17 वर्षों से वह यहां रह रही थी और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई थी। गुरुवार सुबह उसकी अचानक मौत से प्राणी संग्रहालय में शोक का माहौल रहा।








