spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

बस से 2.40 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त

– नागपुर DRI की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

नागपुर :-  मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), नागपुर की टीम ने नागपुर-भोपाल मार्ग पर एक टोल नाके के पास बस से करीब 2.40 करोड़ रुपये मूल्य की एम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की है। कार्रवाई के दौरान लगभग 3 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी दक्षिण भारत से ड्रग्स की खेप लेकर दिल्ली जा रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, डीआरआई की टीम को मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने संदिग्धों पर निगरानी रखी और नागपुर-भोपाल मार्ग पर एक टोल नाके के पास बस की जांच की। तलाशी के दौरान बस में छिपाकर रखी गई करीब 3 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई। टीम ने मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी दक्षिण भारत के निवासी हैं और ड्रग्स की खेप दिल्ली ले जा रहे थे। हालांकि, मादक पदार्थों के वास्तविक स्रोत, तस्करी में आरोपियों की भूमिका और इसके अंतिम खरीदारों के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

30 दिनों के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स जब्त की गई थी। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की जब्ती का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है। बस के जरिए ड्रग्स की खेप ले जाने का पहलू भी जांच के दायरे में है। फिलहाल, डीआरआई की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Popular Articles