– हावड़ा, उत्तरपाड़ा, लेक टाउन और आसनसोल में एक साथ तलाशी
कोलकाता :- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल में ‘कोहीनूर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज’ से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने हावड़ा, उत्तरपाड़ा, लेक टाउन और आसनसोल में तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमें कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट और उनके करीबी सहयोगियों के आवासों पर पहुंचीं। अधिकारियों ने संबंधित परिसरों को सुरक्षा घेरे में लेकर वित्तीय दस्तावेजों, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की। इस दौरान कुछ दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बैंक ऋण की रकम डायवर्ट करने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी पर पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर बैंकों से करोड़ों रुपये का ऋण लेने का आरोप है। जांच एजेंसी को आशंका है कि प्लांट लगाने के लिए प्राप्त राशि का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के बजाय कई कथित शेल कंपनियों के खातों में रकम स्थानांतरित करने के लिए किया गया।
ईडी की टीमें चारों स्थानों पर वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।








