– 3,500 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे वतन, उड़ानें रद्द होने से ओमान के रास्ते करनी पड़ी वापसी
नागपुर, जलालखेड़ा :- सऊदी अरब और आसपास के क्षेत्रों में हूती विद्रोहियों के हमलों तथा बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच विमान सेवाएं प्रभावित होने से उमराह के लिए गए भारतीय यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई थीं। वापसी की उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। इस बीच नागपुर से उमराह के लिए गए 10 बच्चों सहित 99 यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी हो गई। करीब 3,500 किलोमीटर का सफर तय कर यात्री मुंबई पहुंचे और वहां से विशेष बस के जरिए नागपुर लाए गए। यात्रियों के सुरक्षित लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
नागपुर से 99 यात्री 6 और 8 अक्टूबर को कतर एयरवेज की उड़ानों से उमराह के लिए रवाना हुए थे। उनकी वापसी के लिए 20 और 22 अक्टूबर को इंडिगो की उड़ानों में टिकट बुक थीं। हालांकि, क्षेत्र में बढ़ते तनाव के चलते विमान सेवाएं प्रभावित हुईं और यात्रियों की वापसी का कार्यक्रम बिगड़ गया। 20 अक्टूबर को लौटने वाले 49 यात्रियों को एयर अरेबिया और कतर एयरवेज की उड़ानों के माध्यम से शुक्रवार को भारत लाया गया। वहीं, शेष 50 यात्रियों की वापसी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। नागपुर के स्टार हज उमराह जियारत टूर्स ने यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सड़क मार्ग से ओमान पहुंचाने का निर्णय लिया।
मदीना से रियाद, फिर मस्कट तक बस से सफर
विमान सेवाएं प्रभावित होने के बाद शेष यात्रियों को मदीना से बस द्वारा रियाद ले जाया गया। इस दौरान करीब 850 किलोमीटर की दूरी तय की गई। इसके बाद रियाद से ओमान की राजधानी मस्कट तक लगभग 1,500 किलोमीटर का सफर बस से पूरा किया गया।
करीब दो दिन की लंबी यात्रा के बाद यात्री मस्कट से इंडिगो की उड़ान में सवार होकर मुंबई पहुंचे। वहां से विशेष बस के जरिए उन्हें नागपुर लाया गया। इस पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों को दो स्थानों पर दस्तावेजों और सुरक्षा संबंधी जांच से गुजरना पड़ा।
‘सुरक्षित घर पहुंचे तो सारी थकान भूल गए‘
उमराह से लौटे जलालखेड़ा निवासी इस्राईल शेख ने बताया कि धार्मिक यात्रा अच्छी तरह पूरी हुई थी, लेकिन वापसी की उड़ानें प्रभावित होने के बाद चिंता बढ़ गई। अनजान जगह पर बदलते हालात के बीच हर घंटा मुश्किल लग रहा था। करीब 3,500 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना आसान नहीं था, लेकिन सुरक्षित अपने देश और घर पहुंचने की खुशी ने सारी थकान भुला दी।
कई भारतीय यात्री अब भी वापसी के इंतजार में
इस्राईल शेख के अनुसार, सऊदी अरब में महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों के कई यात्री अब भी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अतिरिक्त दिनों तक रुकने से उनका खर्च बढ़ रहा है। वहीं, विमान सेवाएं कब सामान्य होंगी, इसे लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए सड़क और हवाई मार्ग से वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। इससे यात्रा का खर्च बढ़ा, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाना प्राथमिकता रही। नागपुर पहुंचने पर परिजनों ने उनका स्वागत किया। लंबे इंतजार के बाद अपनों को सुरक्षित देखकर परिवारों की चिंता दूर हुई।








