spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

क्या अब संविधान नहीं माफिया चला रहे सरकार?

– वडेट्टीवार ने सरकार को आड़े हाथों लिया

 नागपुर :- कुही तहसील में मुरुम माफियाओं द्वारा नायब तहसीलदार बुद्धभूषण निकालजे को जेसीबी पर लटकाकर 4 किलोमीटर तक घसीटने की घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति में उबाल ला दिया है. इस दुस्साहस पर विपक्षी दल आक्रामक हो गए हैं. विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में अब कानून का नहीं, बल्कि गुंडों का राज चल रहा है.

विजय वडेट्टीवार ने सरकार की चुप्पी पर निशाना साधते हुए कहा, नागपुर के कुही में राजस्व अधिकारियों पर हमला होता है, तहसीलदार को जेसीबी पर लटकाकर ले जाने की हिम्मत होती है और सरकार तमाशा देख रही है. जिस राज्य में प्रशासन ही गुंडों से डरा हुआ हो, वहां आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे? उन्होंने आगे सवाल उठाया कि क्या राज्य में अब कानून संविधान के हिसाब से नहीं, बल्कि माफियाओं की दादागिरी से चल रहा है.

वडेट्टीवार ने सरकार के सुरक्षित महाराष्ट्र के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि जमीनी हकीकत विज्ञापनों से बिल्कुल अलग है. उन्होंने कहा, आज राज्य में महिलाएं असुरक्षित हैं, मासूम बच्चियां असुरक्षित हैं और अब तो अधिकारी भी सुरक्षित नहीं बचे हैं. सत्ताधारी केवल विज्ञापनों में सुरक्षित महाराष्ट्र दिखाने में व्यस्त हैं, जबकि जमीन पर माफियाओं का नंगा नाच चल रहा है.

अपनी प्रतिक्रिया के अंत में विजय वडेट्टीवार ने सरकार को गंभीर चेतावनी देते हुए कहा कि, सरकार को जनता की सहनशीलता का अंत नहीं देखना चाहिए. यदि कानून व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और माफियाओं पर नकेल नहीं कसी गई, तो इसके बेहद गंभीर परिणाम होंगे.

बता दें कि कुही के बोरी नाईक इलाके में अवैध खनन रोकने गए नायब तहसीलदार को माफियाओं ने जेसीबी पर लटकाकर मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की थी. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मयूर थोटे को गिरफ्तार किया है, लेकिन विपक्ष अब इस मुद्दे पर पूरी सरकार को घेर रहा है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.