spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

कबाड़ गोदाम में भीषण आग

– इलाके में अफरा-तफरी

नागपुर :- गुरुवार तडक़े नागपुर जिले के कामठी तहसील के खैरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक बड़े कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरा गोदाम आग की लपटों में घिर गया और सैकड़ों कबाड़ वाहन जलकर राख हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस आग में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खैरी इलाके में स्थित यह कबाड़ गोदाम नागपुर के जाफरनगर निवासी निजाम अंसारी का बताया जा रहा है. गोदाम में बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन कबाड़ के रूप में रखे हुए थे. गुरुवार तडक़े करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा. कुछ ही समय में आग ने भयंकर रूप ले लिया और पूरे इलाके में फैल गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. इसके बाद, कामठी नगर परिषद, येरखेड़ा नगर पंचायत और नागपुर मनपा के दमकल विभाग से 1० से अधिक दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मी युद्धस्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे.

खबर है कि गोदाम में खड़ी 5०० से अधिक कबाड़ गाडिय़ां इस भीषण आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. सौभाग्य से, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. फिलहाल, आग लगने का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और प्रशासन नुकसान का आकलन और जांच कर रहा है.

कापसी में अगरबत्ती कारखाने में आग, फेटरी में प्लास्टिक गोदाम खाक

गुरुवार तडक़े शहर के दो अलग-अलग हिस्सों में लगी आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ. कापसी खुर्द में लगी आग में 5०लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि फेटरी में प्लास्टिक के स्क्रैप का गोदाम भी आग की चपेट में आ गया. गुरुवार तडक़े करीब 5.23 बजे कापसी खुर्द औद्योगिक क्षेत्र में उमीया कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित जिग इम्पाक अगरबत्ती प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में भीषण आग लग गई. गिरिधर भोजवानी के स्वामित्व वाले इस परिसर में राजेश मेहतानी और अन्य लोग किराएदार के रूप में कारोबार करते हैं. आग में अगरबत्ती पाउडर के तीन कंटेनर, पांच मिक्सर मशीनें, दो अगरबत्ती ड्रायर और बिजली के तार जलकर खाक हो गए. लगभग 5० लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही कलमना और सक्कऱदरा फायर स्टेशनों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकल टीमों की तत्परता के कारण लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति बचा ली गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग गर्मी के कारण लगी.

प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में आग लगने की दूसरी घटना काटोल रोड के फेटरी, खडग़ांव मार्ग क्षेत्र में हुई. यहां गुरुवार की आधी रात करीब 1.3० बजे मनुरी मंसूरी (निवासी हिंगना) के प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में आग लग गई। तकनीकी रूप से यह क्षेत्र नागपुर नगर निगम के अग्निशमन विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है. फिर भी, घटना की गंभीरता को समझते हुए, मनपा के त्रिमूर्ति नगर फायर स्टेशन की दमकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई. आग लगने से गोदाम पूरी तरह जल गया, जिससे लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ. आग पर सुबह 5 बजे तक काबू पा लिया गया. कलमेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.