spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

सिजेरियन प्रसव के बाद 1 और महिला की मौत

– 4 की हालत अब भी गंभीर

जयपुर :- राजस्थान के कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में सिजेरियन प्रसव के दौरान संक्रमित एक और महिला की सुबह मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिजेरियन प्रसव के बाद संक्रमित चार अन्य महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद कम से कम छह महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई और उनमें से एक की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।

कोटा के एनएमसीएच में अपर अधीक्षक डॉ. आर पी मीना ने बताया कि कोटा निवासी ज्योति नायक (19) की आज सुबह इलाज के दौरान संक्रमण से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह पांचों संक्रमित महिलाओं को गुर्दा रोग वार्ड में भर्ती कराए जाने के बाद से ज्योति की हालत सबसे गंभीर थी। आज जब उनकी हालत और बिगड़ी तो उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया था।

पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी चार संक्रमित महिलाओं की हालत गंभीर है और उन्हें गुर्दा संबंधी गंभीर समस्या है। घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर ले जाने की तैयारी चल रही है।

ज्योति पहली बार मां बनी थी और उसका नवजात शिशु, साथ ही चार अन्य एनआईसीसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में हैं और सभी स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर के सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज से डॉ. निहार शर्मा (एनेस्थीसिया), डॉ. सुनील कुमार महावर (मेडिसिन), डॉ. पवन अग्रवाल (स्त्री रोग) और डॉ. संजीव कुमार शर्मा (गुर्दा रोग) सहित विशेषज्ञों की एक टीम बुधवार रात को कोटा पहुंची और संक्रमित महिलाओं के बेहतर इलाज के लिए यहां की चिकित्सा टीमों के साथ समन्वय और सहायता कर रही है।

इस बीच ज्योति के परिजनों ने उसका शव लेने से इनकार कर दिया है और मेडिकल कॉलेज परिसर के अंदर विरोध प्रदर्शन किया। पति रवि और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। रवि ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और पांच अन्य महिलाओं को दवा की गलत खुराक दी गई जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और दो महिलाओं की मौत हो गई।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.