दिल्ली :- दिल्ली में ‘बिहारी’ होने ताने के साथ पुलिस अधिकारी द्वारा पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. दिल्ली कांग्रेस ने शुक्रवार को ऐलान किया कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पांडव की अस्थि कलश यात्रा दिल्ली की हर गली, हर कूचे में निकाली जाएगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार मृतक के परिवार को एक करोड़ मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और हत्यारे पुलिस अधिकारी को फांसी जैसी सजा नहीं देती, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी. पांडव के पिता और चचेरे भाई राहुल की मौजूदगी में यादव ने कहा कि परिवार ने भी कसम खाई है कि जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, अस्थियां विसर्जित नहीं होंगी. इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार को 50,000 की तत्काल मदद दी और केंद्र पर बरसे. उन्होंने कहा कि 13 दिन बीत गए, पर पीएम-गृहमंत्री के मुंह से संवेदना का एक शब्द नहीं निकला है. दिल्ली पुलिस गृहमंत्रालय के अधीन है तो हत्या की जिम्मेदारी भी सरकार की है.
पप्पू यादव ने सवाल दागा, हर संकट में पहला हमला पूर्वांचलियों पर ही क्यों? क्या हम भारत के नागरिक नहीं हैं? उन्होंने इसे क्षेत्रवाद के नाम पर दिल्ली के माथे पर कलंक बताया. उन्होंने कहा कि पांडव घर का इकलौता कमाने वाला था. एससी/एसटी एक्ट की तरह अब बिहार, पूर्वांचल, बंगाल के लोगों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून चाहिए. दिल्ली में कानून व्यवस्था चरमरा गई है. महिला अपराध, हत्या, नशाखोरी में दिल्ली नंबर वन बन ‘गई है. संगठन महासचिव अनिल भारद्वाज ने कहा कि रक्षक ही भक्षक बन जाए तो इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा. कांग्रेस आर्थिक, कानूनी, मानवीय हर मदद करेगी. पूर्वांचल कांग्रेस चेयरमैन प्रो. सुधांशु कुमार ने इसे भाजपा की 12 साल की नफरत की राजनीति का नतीजा बताया.