– स्कूल में एडमिशन के लिए मांगी 50 हजार की घूस
अमरावती :- शिक्षा का अधिकार (आरटीई) प्रवेश प्रक्रिया में सकारात्मक रिपोर्ट भेजने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले पंचायत समिति के प्रभारी केंद्रप्रमुख और एक कंत्राटी कर्मी को अमरावती एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 मई की रात फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के रुक्मिणी नगर में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में पंचायत समिति के केंद्रप्रमुख नरेंद्र गोपालकृष्ण धनस्कर (बापू कॉलोनी) तथा कंत्राटी लिपिक हर्षवर्धन वासुदेवराव इंगले (संतोषी माता कॉलोनी, वीएमवी परिसर) शामिल हैं। दोनों को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते समय एसीबी टीम ने ट्रैप लगाकर पकड़ा। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपनी बेटी के पहली कक्षा में प्रवेश के लिए आरटीई योजना अंतर्गत 19 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था। छात्रा को कठोरा नाका स्थित एक निजी विद्यालय में प्रवेश मिला था। इसके बाद 30 अप्रैल को दोनों आरोपी घर के पते के सत्यापन के लिए शिकायतकर्ता के निवास पर पहुंचे थे।