– बस ऑपरेटरों द्वारा आर्थिक शोषण का आरोप
नागपुर :- महानगर पालिका द्वारा संचालित आपली बस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार सुबह 11 बजे से मोरभवन डिपो में हड़ताल का ऐलान है. शिवसेना (यूबीटी) तिवारी के नेतृत्व में नागपुर जिला ड्राइवर संगठन द्वारा यह आंदोलन किया जाएगा. कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कई वर्षों से बस ऑपरेटरों द्वारा आर्थिक शोषण किया जा रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. आपली बस संचालन का ठेका विभिन्न निजी ऑपरेटरों को दिया गया है, जिनके अंतर्गत लगभग 2,500 से 3,000 कर्मचारी कार्यरत हैं. इनमें ड्राइवर, कंडक्टर, मैकेनिक और सफाई। कर्मचारी शामिल हैं. कर्मचारियों को नियमानुसार न्यूनतम वेतन, एचआरए, पेड हालीडे तथा आवश्यक सेफ्टी इक्विपमेंट नहीं दिए जा रहे हैं.
सुनवाई ही नहीं हो रही
इस संबंध में अपर कामगार आयुक्त कार्यालय और मनपा अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गई, लेकिन वर्षों से समस्या का समाधान नहीं हुआ. कर्मचारियों का कहना है कि शिकायत सुनवाई के दौरान मनपा अधिकारियों और ऑपरेटरों की अनुपस्थिति तथा उदासीन रवैये से उनमें भारी नाराजगी है. इसी के चलते सोमवार सुबह से मोरभवन डिपो में हड़ताल की जाएगी. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मनपा और ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो सुबह 11 बजे मनपा आयुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा. आंदोलन में परिवहन समिति सदस्य शैलेश पांडे और नगरसेविका मंगला गवरें भी शामिल रहेंगी.