नागपुर :- पांचपावली थाना क्षेत्र के यादव नगर जयभीम चौक के पास मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो युवकों ने एक युवक पर घातक शस्त्र से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार यादव नगर जयभीम चौक के पास स्थित जीएस वाइन शॉप से शराब लेकर निकले दो युवक पांचपावली थाना क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान इशांत ठाकुर निवासी शिवाजीनगर चौक, यशोधरानगर से गाड़ी चलाने को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। आरोपियों ने इशांत से कहा कि ‘गाड़ी देखकर चला’। इस पर दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने घातक शस्त्र निकालकर इशांत पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पांचपावली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने शराब की बोतल यशोधरानगर थाना क्षेत्र से खरीदी थी, जबकि हमला पांचपावली थाना क्षेत्र में किया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।