– फिर दुकान में ही हो गईं लॉक
पटना :- बिहार की राजधानी पटना के दीघा इलाके में बेहद हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है. दो लड़कियां एक ज्वेलरी शॉप में एंट्री करती हैं. दुकानदार से जेवरात दिखाने को बोलती हैं, फिर एक लड़की पेपर स्प्रे से हमला कर लूटने की कोशिश करती है. दुकानदार फुर्ती दिखाते हुए बाहर भागता है और दुकान को लॉक कर देता है. दोनों लड़कियां अंदर फंस जाती हैं.
मामला पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित कुर्जी पुल के पास मौजूद मां वैष्णवी ज्वेलर्स का है. घटना 13 जून की बताई जा रही है. पूरी वारदात दुकान में लगे कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है. दो युवतियां कस्टमर बनकर दुकान में दाखिल हुईं. पहले उन्होंने दुकानदार से जेवरात दिखाने को कहा.
जब दुकानदार राजेश कुमार जेवर दिखाने में व्यस्त थे, तभी दोनों ने पेपर स्प्रे निकालकर उन पर छिड़क दिया. आरोप है कि युवतियों का मकसद दुकानदार को असहाय बनाकर जेवर लेकर फरार होना था. लेकिन यहां कहानी में ट्विस्ट आ गया. पेपर स्प्रे के बावजूद दुकानदार ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने तुरंत स्थिति को भांप लिया और दोनों युवतियों को दुकान के अंदर ही बंद कर दिया. इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया.
दुकानदार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान लोगों ने दोनों युवतियों को पकड़ लिया. सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ का गुस्सा भी फूट पड़ा. एक महिला ने एक युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और उसकी पिटाई कर दी. बाद में अन्य लोगों ने भी दोनों को घेर लिया.
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवतियों को भीड़ के चंगुल से निकालकर हिरासत में ले लिया. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हैं या फिर पहली बार इस तरह की वारदात को अंजाम देने आई थीं.
दुकान मालिक राजेश कुमार का कहना है कि एक लड़की ने स्प्रे से हमला किया, वह बचकर भागे और शोर मचाया. फिर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. वहीं इस पूरे मामले को लेकर दीघा थाना के अवनीश कुमार ने बताया कि दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है और फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.







