नागपुर :- शहर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत अब लगभग हर सप्ताह की समस्या बनती जा रही है। सप्ताहांत और अवकाश के बाद ईंधन आपूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। कई पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ की स्थिति बन रही है। रविवार को भी शहर के अनेक पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी देखने को मिली। रात तक पंपों पर ईंधन खत्म होने के बोर्ड लगे रहे। इससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
शहर के कई पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध था, वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को पेट्रोल भरवाने के लिए एक पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ा। इसका असर रोजमर्रा की आवाजाही और परिवहन व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। कई इलाकों में सुबह से ही सप्लाई प्रभावित रही। रात तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार तेल कंपनियों की ‘पहले भुगतान, बाद में सप्लाई’ नीति इस संकट की प्रमुख वजह बन रही है। सप्ताहांत में बैंकिंग प्रक्रिया प्रभावित होने से भुगतान समय पर नहीं हो पाता। सोमवार को भुगतान पूरा होने के बाद ही डिपो से ईंधन डिस्पैच किया जाता है। इससे सप्लाई में देरी होती है और पंपों पर स्टॉक खत्म होने की नौबत आ जाती है। यदि इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो हर सप्ताह इसी तरह के संकट का सामना करना पड़ेगा।








