नागपुर :- हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) की अंतिम तिथि में केवल 15 दिन शेष रह गए हैं। इन 15 दिनों के भीतर नंबर प्लेट नहीं लगाने पर 1 जुलाई से एक हजार रुपए का जुर्माना भरना पड़ेगा। आरटीओ के उडन दस्ते कार्रवाई का जिम्मा लेने वाले हैं। शहर व ग्रामीण आरटीओ की सीम में एचएसआरपी के लिए करीब 9 लाख वाहन पात्र हैं। अभी तक 4 लाख वाहनों में ही यह प्लेट लग चुकी है। जिसमें ग्रामीण के 2.89 लाख वाहन शामिल हैं। ग्रामीण के कुल 5.63 लाख वाहनों को यह प्लेट लगानी थी। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) नागपुर शहर में कुल 4 लाख से अधिक वाहनों को एचएसआरपी लगवाना अनिवार्य है। इनमें से अब तक 2 लाख 6 हजार 8 सौ 25 वाहनों के लिए फिटमेंट सेंटर्स को ऑर्डर प्राप्त हो चुके हैं। इसमें से 2.29 लाख वाहनों को अपॉइंटमेंट मिल चुका है, जो प्रक्रिया में है।
क्या है एचएसआरपी : एचएसआरपी का मतलब हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट है, जो एल्यूमीनियम से बनी एक नई तरह की नंबर प्लेट है। प्लेट पर अशोक चक्र का होलोग्राम और लेजर-ब्रांडेड पिन होता है, जो वाहन की सुरक्षा और ट्रैकिंग के लिए अनिवार्य है। इसे ऑनलाइन आवेदन और आवश्यक दस्तावेज (आरसी, पता/पहचान प्रमाण) जमा कर प्राप्त किया जा सकता है। महाराष्ट्र में 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों के लिए इसे 30 जून तक लगाना अनिवार्य है। इसका भुगतान ऑनलाइन किया जा सकता है।







