– शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों के खिलाफ आंदोलन
नागपुर :- देशभर में चर्चा का विषय बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब नागपुर में बड़ा आंदोलन करने जा रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में 16 जून को संविधान चौक पर प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करना है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली और पुणे में हुए आंदोलनों के बाद अब नागपुर को अगले चरण के आंदोलन के लिए चुना गया है। पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक विदर्भ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नागपुर पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। आंदोलन में छात्रों और युवाओं की विशेष भागीदारी रहने की संभावना है। कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, युवाओं को रोजगार और शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। पार्टी ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की अपील की है।
हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से लोकप्रिय हुई यह युवा-आधारित मुहिम बेरोजगारी, शिक्षा घोटालों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। नागपुर में होने वाला यह प्रदर्शन आंदोलन के अगले महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है।







