नागपुर :- सीताबर्डी थाना क्षेत्र में नॉर्थअंबाझरी रोड स्थित पिकालो कैफे के सामने देर रात करीब 2.45 बजे नशे में धुत एक महिला और पुरुष द्वारा ऑन ड्यूटी महिला सहायक पुलिस निरीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और गालीगलौज किए जाने का मामला सामने आया. दोनों को हिरासत में लिया गया. आरोपियों की पहचान नवीद परवेज उपाई (29) और खुशबू नवीद उपाई (25) के रूप में हुई. दोनों जरीपटका निवासी बताए गए हैं. उनकी मेडिकल जांच में डॉक्टरों ने उनके नशे की हालत में होने का उल्लेख किया.
एपीआई ज्योत्सना भावसार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह 27 जून की रात से 28 जून की सुबह तक रात्रि गश्त ड्यूटी पर थीं. इसी दौरान रात करीब 2.45 बजे सूचना मिली कि पिकालो कैफे के सामने एक महिला और पुरुष सड़क पर हंगामा कर रहे हैं. सूचना मिलने पर एपीआई भावसार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. महिला ने एपीआई भावसार की शर्ट का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की और अश्लील गालियां दीं.
थाने में भी हंगामा, नौकरी से निकालने की धमकी
तुरंत ही दोनों को थाने लाया गया लेकिन यहां भी उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार जारी रखा. परवेज और खुशबू यहां भी गालीगलौज करते रहे. वहीं परवेज ने भावसार को गालीगलौज करते हुए अपनीपहुंच का दावा करते हुए नौकरी से निकालने की धमकी दी. दोनों को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए मेयो हॉस्पिटल भेजा गया. टेस्ट में दोनों के नशे में होने में पुष्टि हुई. पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.




