नागपुर :- हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी हमले में बदल गया। बीच-बचाव करने वाले 18 वर्षीय युवक पर तीन आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की शाम न्यू ओम नगर स्थित मंदिर के पास यह घटना हुई। शिकायतकर्ता करण सोनवाणे (18) ने पुलिस को बताया कि उसका मित्र कार्तिक राजेंद्र माडवे ने आरोपी राहुल शाहू (20) की गर्लफ्रेंड को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था। इसी बात से नाराज राहुल ने कार्तिक को मिलने के लिये बुलाया और अपने साथियों के साथ उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद करण ने दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। शिकायत के मुताबिक, बाद में करण अपने दो दोस्तों के साथ हसनबाग से बिरयानी लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और यह कहते हुए विवाद शुरू कर दिया कि वह पहले हुए झगड़े में बीच-बचाव करने क्यों आया था। आरोप है कि एक आरोपी ने करण के सिर पर धारदार हथियार से वार किया, जबकि दूसरे ने लकड़ी के डंडे से उसके पैर पर हमला कर दिया। तीसरे आरोपी ने भी उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद करण के दोस्तों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हुडकेश्वर पुलिस ने राहुल शाहू (20), कृष्णा शाहू (19) और लक्की शाहू (18) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।




