spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुलिस के जांबाजों का हुआ सम्मान

– उत्कृष्ट कार्य के लिए सीपी ने किया सम्मानित

नागपुर :- नागपुर शहर पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने सोमवार को पुलिस भवन में आयोजित एक समारोह में हाल के दिनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने समर्पण, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

सम्मानित होने वालों में अपराध शाखा यूनिट-3 की टीम शामिल रही, जिसने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना तंत्र की मदद से लकड़गंज क्षेत्र में दर्ज एक संदिग्ध आकस्मिक मृत्यु की समानांतर जांच कर यह साबित किया कि मामला लूट की नीयत से की गई हत्या का था। टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर एक जटिल और गंभीर अपराध का सफलतापूर्वक खुलासा किया। अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम को भी सम्मानित किया गया। इस टीम ने ‘लॉग इन पर्सनल मीटिंग’ ऐप के माध्यम से संचालित देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश कर अंतरराज्यीय और विदेशी पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया। साथ ही कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान अवैध हथियार, कारतूस और तलवार भी बरामद की।

इसके अलावा खापरखेड़ा पुलिस की टीम को भी सम्मान मिला। टीम ने आत्महत्या की नीयत से घर छोड़कर गए एक व्यक्ति का तकनीकी साधनों और समन्वय के जरिए पता लगाकर उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोका तथा सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया।

समारोह में सम्मानित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि इस सम्मान से उनका उत्साह बढ़ा है और वे भविष्य में भी अधिक जिम्मेदारी और समर्पण के साथ नागरिकों की सेवा करते रहेंगे।

Popular Articles