spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

बूटीबोरी में महिंद्रा को 494 एकड़ जमीन

– विदर्भ में रोजगार की बड़ी सौगात!

नागपुर :- महिंद्रा एंड महिंद्रा के 15 हजार करोड़ रुपये के वाहन एवं ऑटो पार्ट्स निर्माण प्रोजेक्ट के लिए महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) ने अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में 494.21 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। 440 करोड़ रुपये के प्रीमियम के साथ कंपनी को ऑफर लेटर जारी होने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है। इस निवेश से विदर्भ में औद्योगिक विकास के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

एमआईडीसी की भूमि आवंटन समिति की मंजूरी के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा को प्रस्तावित वाहन एवं ऑटो पार्ट्स निर्माण संयंत्र के लिए अतिरिक्त बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में 494.21 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी को आधिकारिक ऑफर लेटर जारी कर दिया गया है, जिससे परियोजना की प्रक्रिया अब तेज गति से आगे बढ़ेगी।

440 करोड़ का प्रीमियम, 110 करोड़ की अग्रिम राशि

एमआईडीसी ने कंपनी को ई-5 और ई-4 नामक दो भूखंड आवंटित किए हैं। ई-5 भूखंड का प्रीमियम 264 करोड़ रुपये तथा ई-4 का 176 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार दोनों भूखंडों का कुल प्रीमियम 440 करोड़ रुपये है। ऑफर लेटर जारी होने के 15 दिनों के भीतर कंपनी को 110 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी, जिसके बाद आगे की अनुबंध प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चरणबद्ध तरीके से मिलेगी 1,500 एकड़ जमीन

एमआईडीसी ने यह भूमि 2,200 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से आवंटित की है। महिंद्रा की इस परियोजना के लिए कुल 1,500 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। पहले चरण में 494.21 एकड़ जमीन दी गई है, जबकि शेष भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

वाहन निर्माण के साथ बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

इस परियोजना में यात्री वाहन, ट्रैक्टर और ऑटो पार्ट्स का निर्माण तथा असेंबली सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी क्षमता से शुरू होने के बाद प्रतिवर्ष 5 लाख वाहनों और 1 लाख ट्रैक्टरों के उत्पादन की क्षमता विकसित होगी। इससे नागपुर सहित पूरे विदर्भ में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। एमआईडीसी ने कंपनी को सभी पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों का पालन करना अनिवार्य किया है।

Popular Articles