– जतामखोरा-बिडगांव मार्ग पर मिला शव, वाहन गिरने की आशंका
नागपुर/सावनेर :- केलोद में खेत से लौट रहे 80 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे जतामखोरा-बिडगांव मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान केलोद निवासी सुखदेव रामाजी पिसे (80) के रूप में हुई,जो खेती करते थे।
जानकारी के अनुसार, वे सुबह करीब 7.30 बजे अपनी गाड़ी से खेत गए थे। खेत से लौटते समय वे रास्ते पर गिरे हुए पाए गए। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, उनकी गाड़ी उनके ऊपर गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना में वास्तव में क्या हुआ और उनकी मौत किस कारण से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर केलोद के पुलिस निरीक्षक आशीष सिंह ठाकुर ने सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड को सूचित किया। हितेश बंसोड की मदद से सुखदेव पिसे को सावनेर शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच केलोद पुलिस कर रही है।








