spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अमृत 2.0 के कार्यों की धीमी रफ्तार पर महापौर नाराज

– सड़कों की बदहाली, गुणवत्ता सुधारने और काम तेज करने के निर्देश

नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका की महापौर नीता ठाकरे ने शुक्रवार को ‘अमृत 2.0’ योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्ववत करने में हो रही देरी और कार्यों की खराब गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बैठक में स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी-वाखरे, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त अंकित तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बनर्जी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में डॉ. बनर्जी ने बताया कि दक्षिण सीवरेज जोन के अंतर्गत 537 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इनमें से 260 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि सीवर लाइन के साथ-साथ सड़कों को पूर्ववत करने का काम भी जारी है।

इस पर महापौर ठाकरे ने कहा कि सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में कई स्थानों पर अधूरे और खराब कार्यों के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर दुर्घटनाएं भी हुई हैं, इसलिए तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाए जाएं और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

महापौर ने अधिकारियों को दी चेतावनी

महापौर ने चेतावनी दी कि यदि कार्यों की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और नागरिकों की समस्याएं दूर नहीं की गईं, तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से चिटणीस नगर, पवनसुत नगर, गाडगेबाबा नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों को हो रही परेशानियों पर असंतोष व्यक्त किया।

स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी-वाखरे ने भी कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के जयताला और जयप्रकाश नगर में नागरिकों को हो रही समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मनपा के सभी कार्यकारी अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Popular Articles