spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

आदिवासी आश्रमशाला में फूड पॉइजनिंग

– अधीक्षक निलंबित, किचन के संचालक सहित 6 लोगों पर केस दर्ज

अमरावती :-  मेलघाट के धारणी तहसील स्थित टिटंबा शासकीय आदिवासी आवासीय आश्रमशाला में भोजन से फूड पॉइजनिंग के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में सेंट्रल किचन के संचालक सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, आश्रमशाला के अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि मुख्याध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात आश्रमशाला के विद्यार्थियों ने भोजन करने के बाद उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें आश्रमशाला तथा टेंभली स्थित सेंट्रल किचन पहुंचीं। बीमार छात्रों को तत्काल धारणी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जांच में 50 छात्राओं और 19 छात्रों सहित कुल 69 छात्रों के फूड पॉइजनिंग से प्रभावित होने की पुष्टि हुई। अस्पताल में चिकित्सा कर्मियों की कमी को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ बुलाया गया। उपचार के बाद अधिकांश छात्रों की हालत में सुधार होने पर उन्हें उसी दिन आश्रमशाला भेज दिया गया। केवल एक छात्रा का उपचार अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।

सेंट्रल किचन के संचालक सहित छह पर केस

टिटंबा आश्रमशाला में टेंभली स्थित सेंट्रल किचन से तैयार भोजन की आपूर्ति की जाती है। आश्रमशाला के मुख्याध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने सेंट्रल किचन के संचालक विजय बोथरे, प्रतिनिधि सचिन सातपुते, रसोइये तथा अन्य कर्मचारियों सहित कुल छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अन्य आश्रमशालाओं में भी जांच

प्रशासन को मेलघाट के बिजुधावाड़ी, सावलीखेड़ा और सुसर्दा स्थित आश्रमशालाओं के कुछ विद्यार्थियों के भी बीमार होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वहां पहुंचकर विद्यार्थियों की चिकित्सकीय जांच कराई। अधिकारियों के अनुसार सभी विद्यार्थियों की हालत सामान्य है। बताया गया कि टेंभली का सेंट्रल किचन क्षेत्र की नौ आश्रमशालाओं में नाश्ता और दोनों समय का भोजन उपलब्ध कराता है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़ स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी प्रभावित विद्यार्थियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.