spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुलिस कस्टड़ी से भागा कुख्यात ‘इक्का’

– आरोपी पर 19 मामले दर्ज

नागपुर :- हुड़केश्वर पुलिस थाने की हिरासत से कुख्यात सेंधमार तिरोड़ा निवासी इक्का उर्फ हर्ष महेंद्र रामटेके (25), सोमवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को तीन दिन पहले सेंधमारी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह आरोपी ने शौचालय जाने की इच्छा जताई। उसे लॉकअप से बाहर निकालकर शौचालय ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी ने कमोड वाले शौचालय में जाने की जिद की। पुलिसकर्मी उसे थाने के दूसरे शौचालय में ले गए, जहां मौका मिलते ही वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही हुड़केश्वर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी को पकड़ने के लिए अपराध शाखा और विशेष टीम भी जांच में जुटी है। कुख्यात इक्का के खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में सेंधमारी और अन्य अपराधों के कुल 19 मामले दर्ज हैं। इनमें राणाप्रतापनगर थाने में चार, वाठोडा में एक, लकड़गंज में दो, सोनेगांव और हुड़केश्वर में तीन-तीन, अजनी और बेलतरोड़ी में दो-दो तथा गणेशपेठ और एमआईडीसी थाने में एक-एक मामला शामिल है।

इक्का इससे पहले 18 मई 2025 को भी पुलिस को चकमा देकर मेडिकल अस्पताल से फरार हो चुका है। सिर में चोट लगने के बाद उसे 17 मई को अजनी पुलिस ने मेडिकल अस्पताल के वार्ड क्रमांक 36 में भर्ती कराया था। अगले दिन पुलिस मोबाइल में व्यस्त होने का फायदा उठाकर वह वार्ड से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने अगले ही दिन उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा, आरोपी पहले भी हुड़केश्वर थाने से भागने का प्रयास कर चुका है। आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

Popular Articles