spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

भारी बारिश को लेकर मनपा 24 घंटे अलर्ट

– निचले इलाकों के लोग रहें सतर्क : महापौर ठाकरे

नागपुर :- क्षेत्रीय मौसम विभाग द्वारा नागपुर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद नागपुर महानगरपालिका प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। महापौर नीता ठाकरे ने नदी-नालों के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की अपील की है।

महापौर ने बताया कि मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान मनपा के अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने विभिन्न स्थानों पर फंसे नागरिकों और विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन दल तथा सभी जोन के स्वच्छता कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। महापौर ठाकरे और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। अग्निशमन अधिकारी दिलीप चव्हाण ने बताया कि जलभराव की सूचना मिलते ही बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर रहे हैं। महापौर ने सभी जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने वार्डों में नागरिकों की सहायता के लिए सक्रिय रहने का आग्रह किया है। लगातार भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार, 29 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

मौसम विभाग ने 28 से 31 जुलाई तक नागपुर में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार दोपहर केवल तीन घंटे में हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके बाद मनपा ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया। महापौर ने नरसाला, हुडकेश्वर सहित कई क्षेत्रों का दौरा कर नागरिकों से बातचीत की। इस दौरान उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी-वखरे, आयुक्त डॉ. विपिन, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, मुरुगानंथम एम., मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, अधीक्षक अभियंता मनोज तालेवार तथा सभी जोनों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

सिटी ऑपरेशन सेंटर से 24 घंटे निगरानी

मनपा मुख्यालय स्थित श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी सिटी ऑपरेशन सेंटर (सीओसी) से शहर की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बारहाते ने बताया कि यहीं से राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने या किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 88560-23322 पर संपर्क करें। इसके अलावा प्रत्येक जोन कार्यालय में भी आपातकालीन सहायता की व्यवस्था की गई है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.