spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

वारकरियों के वाहन की भिड़ंत, 1 मृत,11 घायल

– दिंडी से लौटते समय हादसा, ट्रैक्टर, क्रूजर और कार टकराई

केज :- सालेगांव के पास केज-कलंब मार्ग पर बुधवार रात वारकरियों को लेकर लौट रहे ट्रैक्टर, क्रूजर और कार की भीषण भिड़ंत में एक वृद्ध वारकरी की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब सवा आठ बजे खामगांव-सांगोला महामार्ग क्रमांक 548-सी पर सालेगांव स्थित रामेश्वर कलसकर के चार्जिंग स्टेशन के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाशिम जिले के संत राघोजी महाराज संस्थान, बोराला से नरहरी नारायण वानखेड़े महाराज की दिंडी के वारकरी ट्रैक्टर से वापस वाशिम की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक क्रूजर ने वारकरियों के ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों वाहनों की भिड़ंत के तुरंत बाद उसी मार्ग से गुजर रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराई। तीन वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा टूटकर दो भागों में बंट गया। हादसे में ट्रैक्टर की ट्रॉली में सवार एक वृद्ध वारकरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अंबाजोगाई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। हादसे में सात वारकरी घायल हुए हैं, जबकि क्रूजर में सवार चार लोग भी घायल हुए।

घायलों में से आठ को केज के उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंबाजोगाई स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण अस्पताल एवं वैद्यकीय महाविद्यालय में रेफर किया गया। वहीं, अन्य चार घायलों को कलंब के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा गांव के पास होने के कारण जानकारी मिलते ही ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। देर रात तक मृतक और घायलों के नाम स्पष्ट नहीं हो सके थे। हालांकि, मृतक वृद्ध सहित घायल वारकरी वाशिम जिले के होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक राहुल सूर्यतल के निर्देश पर सहायक पुलिस उपनिरीक्षक बाबासाहेब बांगर और उनके सहयोगी घटनास्थल पर पहुंचे। तीन एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद जेसीबी की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।

Popular Articles