– प्रफुल्ल गुडधे-पाटिल का आरोप, प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
नागपुर :- मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे-पाटिल ने बाढ़ प्रभावित स्वरूप नगर क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित नागरिकों से मुलाकात की।
भारी बारिश के कारण स्वरूप नगर की कई बस्तियों में पानी घरों के भीतर तक घुस गया, जिससे अनाज, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित घरेलू उपयोग का बड़ा सामान खराब हो गया। पानी उतरने के बाद भी इलाके में कीचड़, गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दौरे के दौरान प्रफुल्ल गुडधे ने आरोप लगाया कि नागपुर में बनी बाढ़ जैसी स्थिति केवल भारी बारिश का परिणाम नहीं, बल्कि राज्य सरकार की खराब शहरी योजना और नागपुर महानगरपालिका की प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अधूरी पड़ी आधारभूत परियोजनाएं, अपर्याप्त वर्षा जल निकासी व्यवस्था और कमजोर शहरी नियोजन के कारण बारिश का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया, जिससे हजारों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

तत्काल पंचनामा कर नुकसान का करे आकलन
गुडधे-पाटिल ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित घरों का तत्काल पंचनामा कर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा दीर्घकालिक एवं ठोस उपाय लागू करने की भी मांग की।





